इटावा: इटावा में डॉक्टर पर गुटखा खाकर ड्यूटी का आरोप, इमरजेंसी में हंगामा..
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
इटावा में डॉक्टर पर गुटखा खाकर ड्यूटी का आरोप, इमरजेंसी में हंगामा..
इटावा जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार को उस समय हंगामा हो गया, जब राजस्थान के एक युवक ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर गुटखा खाकर ड्यूटी करने और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाने से इनकार करने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर युवक ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्याम निवासी अशोक मीणा किसी काम से लखनऊ गए थे। वहां से वह ट्रेन से इटावा पहुंचे थे और उन्हें शाम करीब सवा चार बजे दूसरी ट्रेन पकड़कर राजस्थान जाना था। इसी दौरान इटावा रेलवे स्टेशन के बाहर सामान खरीदते समय एक बंदर ने उनके बाएं हाथ पर काट लिया।
घटना के बाद अशोक मीणा दोपहर करीब तीन बजे जिला अस्पताल पहुंचे और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए सीधे इमरजेंसी वार्ड में चले गए। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. राहुल बाबू से इंजेक्शन लगाने को लेकर उनकी तीखी बहस हो गई। युवक का आरोप था कि डॉक्टर गुटखा खाकर ड्यूटी कर रहे थे और जब उसने इस बात पर आपत्ति जताई तो डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाने से मना कर दिया।
विवाद बढ़ने पर युवक ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने युवक को समझाया कि वह इंजेक्शन लगवाकर अपनी ट्रेन पकड़ ले, लेकिन वह पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं हुआ।
युवक ने इंजेक्शन लगवाने से भी इनकार कर दिया और कहा कि डॉक्टर उसे जहर का इंजेक्शन लगा सकते हैं। इस दौरान वह पुलिसकर्मियों से भी उलझने लगा और दोबारा डायल 112 पर कॉल कर शिकायत की कि पुलिस उसकी मदद नहीं कर रही है। करीब आधे घंटे तक इमरजेंसी में हंगामा चलता रहा, जिससे वहां मौजूद मरीज और तीमारदार परेशान होते रहे। बाद में पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
