इटावा/जसवंतनगर: कृषि मेले में उन्नत खेती की तकनीकों से रूबरू हुए किसान
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
कृषि मेले में उन्नत खेती की तकनीकों से रूबरू हुए किसान
जसवंतनगर। किसानों की आय में वृद्धि एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र, जौनई में एक दिवसीय कृषि मेला, कृषक संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। उप कृषि निदेशक (शोध) इटावा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मेले में उन्नत बीज, मृदा परीक्षण, पशुपालन, जैविक खेती, श्री अन्न (मिलेट्स) तथा विभिन्न कृषि उत्पादों से संबंधित स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायिका सरिता भदौरिया के प्रतिनिधि सचिन यादव एवं जिला पंचायत सदस्य द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
उप कृषि निदेशक (शोध) आर.एन. सिंह ने कृषि शोध केंद्र की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए किसानों को नई तकनीकों को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन करने की सलाह दी। वहीं जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने उन्नत कृषि निवेश, गुणवत्तापूर्ण बीजों के चयन तथा आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने किसानों को जैव उर्वरकों के महत्व, मिट्टी की सेहत सुधारने के उपाय, रबी एवं खरीफ फसलों की उन्नत किस्मों, फसल संरक्षण तथा रोग नियंत्रण के वैज्ञानिक तरीकों से अवगत कराया। कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विशेषज्ञ प्रकाश नारायण त्रिपाठी से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदीप कुमार, गजेंद्र सिंह, उपेंद्र कुमार, अशलेन्द्र कुमार, प्रक्षेत्र प्रभारी श्रीमती अंजू वर्मा, हरिओम, गजेंद्र यादव, राजीव कुमार सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में उप कृषि निदेशक (शोध) इटावा द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
📸 फोटो कैप्शन: दीप प्रज्वलित करते उप कृषि निदेशक एवं स्टॉलों का निरीक्षण करते मुख्य अतिथि व किसानों को जानकारी देते विशेषज्ञ।
