इटावा/जसवंतनगर: जैनपुर नागर में 29 मार्च से शुरू होगी तीन दिवसीय भव्य “बौद्ध भीम कथा”, 1 अप्रैल को होगा मैत्री भोज

 

जैनपुर नागर में 29 मार्च से शुरू होगी तीन दिवसीय भव्य “बौद्ध भीम कथा”, 1 अप्रैल को होगा मैत्री भोज

जैनपुर नागर में गूंजेगा समता और जागरूकता का संदेश

जसवंतनगर (इटावा)  क्षेत्र के ग्राम जैनपुर नागर में समता, भाईचारे और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय “बौद्ध भीम कथा” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन स्वर्गीय हरिकिशुन एवं स्वर्गीय श्रीमती रामदेवी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।

आयोजन समिति के अनुसार 29 मार्च 2026 (रविवार) से शुरू होने वाली यह कथा 31 मार्च (मंगलवार) तक चलेगी। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के समापन के अगले दिन 1 अप्रैल 2026 (बुधवार) को दोपहर 2 बजे से मैत्री भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों को आमंत्रित किया गया है।

इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भीम कथा वाचिका प्रेमा अंबेडकर अपने प्रवचनों के माध्यम से भगवान बुद्ध, बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा सामाजिक परिवर्तन के महानायकों के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों का विस्तार से वर्णन करेंगी। कथा के माध्यम से लोगों को शिक्षा, समानता, मानवता और सामाजिक न्याय के महत्व से भी अवगत कराया जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि इस कथा का उद्देश्य समाज में बौद्ध विचारधारा, संविधानिक अधिकारों और डॉ. अंबेडकर के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और आपसी भाईचारा मजबूत हो सके।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कथा स्थल को सजाने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की जा रही है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और मैत्री भोज में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।