इटावा/जसवंतनगर: ब्रह्माणी देवी मेले की तैयारियों का सीओ ने लिया जायजा, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर हुई बैठक

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

ब्रह्माणी देवी मेले की तैयारियों का सीओ ने लिया जायजा, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर हुई बैठक

जसवंतनगर। यमुना नदी की तलहटी के बीहड़ी क्षेत्र स्थित नगला तौर पंचायत के प्राचीन ब्रह्माणी देवी मंदिर पर गुरुवार से शुरू हो रही चैत्र नवरात्रि के अवसर पर लगने वाले 15 दिवसीय लख्खी मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को पुलिस प्रशासन ने बैठक आयोजित की। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने मंदिर पुजारी व क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर मेले की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

बैठक के दौरान सीओ आयुषी सिंह ने मेला परिसर का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों से बातचीत की और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहन स्टैंड, जनाना मार्केट तथा मेले में लगाए जाने वाले चार बैरियर के स्थानों को चिन्हित किया।

सीओ ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी बलरई थाना निरीक्षक दिवाकर सरोज को सौंपी गई है। वहीं मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह तोमर और शेर सिंह तोमर को लगातार निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने कहा कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।सीओ ने बताया कि ब्रह्माणी देवी मंदिर मेले में सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम, डेढ़ सेक्शन पीएसी, दर्जनभर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा तीन एसओ, सात दरोगा, छह हेड कांस्टेबल, 12 महिला सिपाही, 25 सिपाही, ट्रैफिक पुलिस, फायर टेंडर, एंबुलेंस और बैरियर लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं को झंडा चढ़ाने के लिए लाइनबद्ध व्यवस्था की जाएगी।

इस अवसर पर बीजेपी के मंडल अध्यक्ष प्रथम संजय मिश्रा, पिंटू राजपूत, नंदकिशोर, गुड्डू यादव जोनई, लल्लू तोमर, प्रवीन, धर्मवीर, गणेश,पप्पू सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।