इटावा: इटावा में बोर्ड परीक्षा में पकड़ा गया मुन्ना भाई।
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
इटावा में बोर्ड परीक्षा में पकड़ा गया मुन्ना भाई..
इटावा में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुईं, लेकिन पहले ही दिन 2688 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले के 67 परीक्षा केंद्रों पर हिंदी विषय की परीक्षा हुई। 1800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। इसी बीच बकेवर के एक केंद्र पर भाई की जगह परीक्षा दे रहा युवक पकड़ा गया, जिससे हड़कंप मच गया।
जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई। प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा हुई। प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी सुबह से ही केंद्रों पर सक्रिय रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
हाईस्कूल की प्रथम पाली में 21656 पंजीकृत छात्रों में से 20213 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1443 अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट की द्वितीय पाली में 20476 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 19231 उपस्थित रहे और 1245 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 2688 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी में परीक्षा
परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए जिले के सभी 67 केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। 1800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए परीक्षा कक्षों और परिसर की लगातार निगरानी की गई। मुख्य गेट पर ही परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई और अनधिकृत सामग्री मिलने पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को संयुक्त रूप से ड्यूटी पर लगाया गया। केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बिना जांच किसी भी छात्र को कक्ष में प्रवेश न दिया जाए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
भाई की जगह परीक्षा दे रहा युवक पकड़ा गया
इसी बीच बकेवर क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र पर बड़ा मामला सामने आया। पंडित रमेश चंद्र इंटर कॉलेज, निवाड़ी कला का पंजीकृत छात्र अनुज कुमार की जगह उसका बड़ा भाई अभिषेक परीक्षा देने पहुंच गया। उसका परीक्षा केंद्र बाबू राम सरस्वती इंटर कॉलेज बकेवर में बनाया गया था। सुबह साढ़े आठ बजे शुरू हुई परीक्षा में वह चेकिंग से बचकर कक्ष में बैठ गया और उसे उत्तर पुस्तिका भी दे दी गई।
सूचना मिलने पर जब जांच की गई तो पहचान का खुलासा हुआ। अभिषेक को मौके पर पकड़ लिया गया। केंद्र व्यवस्थापक बेनीराम पाल की तहरीर पर बकेवर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक भी केंद्र पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की।
घटना के बाद पूरे जिले में सख्ती और बढ़ा दी गई है। अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी जांच तेज कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शिक्षा विभाग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
