सैफई: पति कों आत्महत्या के लिए उकसाने पर पत्नी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजी गई जेल।

चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा, 

मनोज कुमार,


पति कों आत्महत्या के लिए उकसाने पर पत्नी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजी गई जेल

सैफई : पति कों आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई सैफई थाने में 14 सितंबर 2025 को दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है, जिसमें मृतक की मां ने बहू समेत ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाए थे। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी के नेतृत्व में हैवरा पुलिस चौकी प्रभारी अंकित पटेल, उप निरीक्षक राजकुमार और उप निरीक्षक सुमन पाल की टीम ने पड़रपुरा गांव स्थिति एक परचून की दुकान से आरोपित महिला सिंकी पत्नी उमेश कुमार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले के अनुसार नगला बरी, थाना वैदपुरा निवासी श्रीदेवी पत्नी स्वर्गीय विश्राम सिंह ने सैफई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके बड़े पुत्र उमेश कुमार 33 बर्षीय का विवाह 20 जून 2018 को सिंकी पुत्री तकन सिंह निवासी ग्राम लालपुरा, थाना किशनी, जिला मैनपुरी से हुआ था। शादी के बाद से ही दांपत्य जीवन में लगातार विवाद होता रहा। आरोप है कि पत्नी द्वारा बार-बार आर्थिक दबाव बनाया गया, जिससे परेशान होकर उमेश कुमार ने एक बीघा खेत बेचकर लगभग डेढ़ लाख रुपये ससुराल पक्ष को दिए। पीड़िता के अनुसार पारिवारिक विवाद और कथित उत्पीड़न से उमेश कुमार मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। आरोप है कि आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ना से आहत होकर उमेश कुमार ने 4 अगस्त 2025 को ज्ञानदास बाबा आश्रम के सामने आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बाद में मृतक के मोबाइल में मौजूद कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार विवेचना में आरोपों की पुष्टि होने पर मृतक की पत्नी सिंकी की गिरफ्तारी की गई है। मामले में अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।