लखनऊ: सर्वांगीन विकास पब्लिक कॉलेज बना कराटे का अखाड़ा, आईसीएसई जोनल प्रतियोगिता संपन्न
जेबी सिंह
सर्वांगीन विकास पब्लिक कॉलेज में आईसीएसई जोनल कराटे प्रतियोगिता 2026 का हुआ सफल आयोजन, विजेताओं का किया गया सम्मानलखनऊ। सर्वांगीन विकास पब्लिक कॉलेज, खरिका, तेलीबाग, लखनऊ (सीआईएससीई संबद्धता कोड: UP-283) में शनिवार, को आईसीएसई जोनल स्तरीय कराटे प्रतियोगिता-2026 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋतु सहाय एवं जसपाल सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह प्रतियोगिता विद्यालय के स्वामी एवं निदेशक विवेक सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस अवसर पर भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी एल.एम. यादव अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास का संदेश दिया। अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करती हैं।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न कराटे स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया तथा प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अधिकारियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।


