समाधान दिवस से अनुपस्थित अधिकारी का वेतन रोका,जिलाधिकारी ने जनसमस्याएं सुनीं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

समाधान दिवस से अनुपस्थित अधिकारी का वेतन रोका,जिलाधिकारी ने जनसमस्याएं सुनीं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद: 16 मई 2026 को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 35, पुलिस विभाग की 12, विद्युत विभाग की 5, नगर निकाय की 5 और अन्य विभागों की 8 शिकायतें शामिल थीं। मौके पर राजस्व विभाग से संबंधित 3 शिकायतों का निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को तत्काल राहत दी गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान मिल सके।
समाधान दिवस के दौरान अधिशाषी अभियंता, जल निगम ग्रामीण, की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने तत्काल उनके वेतन रोकने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समाधान दिवस को गंभीरता से लेने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय और राहत प्रदान करना है, इसलिए सभी अधिकारी जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, आरती सिंह मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी अमृतपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।