चाचूपुर जाने से रोका गया सपा प्रतिनिधिमंडल,पुलिस ने तनाव की आशंका पर पार्टी कार्यालय पर रोका
चाचूपुर जाने से रोका गया सपा प्रतिनिधिमंडल,पुलिस ने तनाव की आशंका पर पार्टी कार्यालय पर रोका
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद: चाचूपुर प्रकरण को लेकर मंगलवार को जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन संभावित तनाव और किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं को पार्टी के जिला कार्यालय पर ही रोक दिया।
सुबह से ही समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। पार्टी पदाधिकारी चाचूपुर पहुंचकर हालात का जायजा लेने और पीड़ित पक्ष से मुलाकात करने की तैयारी में थे। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और भारी पुलिस बल के साथ सपा कार्यालय पहुंच गया।
सीओ सिटी अभय वर्मा, सीओ अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय, शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोनकी, थाना कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल सिंह और थाना प्रभारी अजब सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। सीओ अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय और सीओ सिटी अभय वर्मा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने सपा नेताओं से वार्ता की।
अधिकारियों ने सपा नेताओं को बताया कि क्षेत्र में अभी भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ऐसे में किसी भी राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल के वहां जाने से माहौल बिगड़ सकता है। पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं को भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा।
वहीं, सपा नेताओं ने भी स्पष्ट किया कि निर्दोष लोगों पर कार्रवाई किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव, डॉ. नवल किशोर शाक्य, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी और राधेश्याम श्रीवास्तव सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।
Tags:
फर्रुखाबाद