डीएम ने लिंक एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण की समीक्षा की,लापरवाही पर दो लेखपाल निलंबित, समयबद्ध कार्य के निर्देश
डीएम ने लिंक एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण की समीक्षा की,लापरवाही पर दो लेखपाल निलंबित, समयबद्ध कार्य के निर्देश
रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद, 16 मई 2026: जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपद में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि क्रय/अर्जन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उपजिलाधिकारी सदर और तहसीलदार सदर उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न ग्रामों में भूमि खरीद और अभिलेखीय कार्यों की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण किया। समीक्षा में पाया गया कि कुछ राजस्व कर्मियों द्वारा कार्यों में अपेक्षित गति और गंभीरता नहीं बरती जा रही थी, जिससे भूमि क्रय प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण और प्राथमिकता वाली परियोजना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्य के प्रति लापरवाही और शिथिलता बरतने के दोषी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल नीवकरौरी प्रवीन दुबे और लेखपाल मदनपुर महेश्वर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को भूमि क्रय से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना से जुड़े समस्त अधिकारी और कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसानों से समन्वय स्थापित करते हुए भूमि संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
Tags:
फर्रुखाबाद