इटावा/जसवंतनगर: किशोरी ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या
चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा
मनोज कुमार
"जसवंतनगर के थाना बलरई क्षेत्र स्थित ग्राम बाउथ में बुधवार शाम एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।"
"जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी राहुल कुमार की पुत्री आराध्या उर्फ संजू ने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अपने घर के एक कमरे में सीलिंग फैन के कुंडे से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना के समय घर में उसकी बुजुर्ग नानी मौजूद थीं, जबकि अन्य परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे।"
"कुछ देर बाद जब नानी कमरे में पहुंचीं, तो उन्होंने किशोरी को फंदे पर लटका देखा। उन्होंने तुरंत परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने किशोरी को फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचित किया।"
"सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शेर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया।"
"पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। किशोरी द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।"
