इटावा/जसवंतनगर: जसवंतनगर में पुरानी रंजिश में कार से बाइक में टक्कर, युवक पर लाठी-डंडों से हमला; तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार

जसवंतनगर में पुरानी रंजिश में कार से बाइक में टक्कर, युवक पर लाठी-डंडों से हमला; तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

जसवंतनगर: जसवंतनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते कार सवार लोगों ने एक युवक की बाइक में टक्कर मार दी और बाद में पेट्रोल पंप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

ग्राम कुंजपुर, पोस्ट कैस्त, थाना वेदपुरा निवासी मोहित पुत्र दिनेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 13 मार्च 2026 को करीब 11 बजे वह जसवंतनगर बाजार से वेदपुरा जा रहा था। उसके साथ सिंकू पुत्र रामप्रकाश मोटरसाइकिल नंबर UP75S6850 पर था। जब वे NH-2 पर बुजेश-भुवनेश पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी पीछे से एक फोरव्हीलर कार आती दिखाई दी।

पीड़ित का आरोप है कि कार सवार लोगों से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। कार सवारों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। डर के कारण उसने अपनी मोटरसाइकिल पेट्रोल पंप के साइड में खड़ी कर ली। इसी दौरान कार नंबर UP75CT7914 में सवार लोगों ने जान से मारने की नीयत से कार मोड़कर साइड में खड़ी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया और बाइक कार के नीचे फंस गई।

इसके बाद वह और उसके साथ बैठा युवक जान बचाकर पेट्रोल पंप की तरफ भागे और बचाओ-बचाओ की आवाज लगाने लगे। आरोप है कि तभी कार सवार सचिन पुत्र दया शंकर, विकास पुत्र ओमकार और शिवेन्द्र पुत्र टिंकू उर्फ शिव निवासी ग्राम कुंजपुरा थाना वेदपुरा कार से उतरकर हाथों में लाठी-डंडे लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और हमला कर दिया।

हमलावरों ने मोहित के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने धमकी दी कि आज तो जान बचाकर पेट्रोल पंप में घुसकर बच गया, अगली बार बिना जान से मारे नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद आरोपी दूसरी स्विफ्ट कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए अपनी जान को खतरा बताया है।

थाना अध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जान से मारने की कोशिश समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।