इटावा/जसवंतनगर: फौजी ढाबा लूट कांड एक और आरोपी गिरफ्तार, राइफल बरामद.

 चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा

मनोज कुमार


फौजी ढाबा लूट कांड एक और आरोपी गिरफ्तार, राइफल बरामद.

जसवंतनगर में आगरा-कानपुर हाईवे पर स्थित फौजी ढाबा लूटकांड मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक राइफल बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की गई।

गौरतलब है कि 12 मार्च को ग्राम भिखन निवासी राजीव ने तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 10 मार्च की रात करीब 9 बजे वह अपने फौजी ढाबे पर मौजूद थे। इसी दौरान चार व्यक्ति खाना पैक कराने के बहाने आए और तलवार, फरसा व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

आरोपियों ने ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और गद्दी से नकदी, एक वीवो मोबाइल फोन तथा वादी की लाइसेंसी राइफल व कारतूस लूट लिए। इसके बाद वे स्कॉर्पियो कार से फरार हो गए। पीछा करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की थी। इस संबंध में थाना में मुकदमा संख्या 57/26 धारा 109, 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने इस मामले में पहले ही 13 मार्च को चार आरोपियों हरप्रीत सिंह, प्रीत सिंह, जगदीप सिंह और हरजिंदर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके कब्जे से 16 हजार रुपये नकद, एक क्षतिग्रस्त वीवो मोबाइल, एक कुल्हाड़ी, सात जिंदा कारतूस 315 बोर और घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो कार बरामद की गई थी।

रविवार को पुलिस चादनपुरा में सरकारी ट्यूबवेल के पास चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने इदरीश उर्फ गिरीश (45) पुत्र अलमुद्दीन निवासी भिडौरा, थाना करहल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से राइफल बरामद की ।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 10 मार्च को वह भरथना से करहल अपने गांव जा रहा था। तब उसे जसवंतनगर ओवरब्रिज पर पिंक बूथ चौराहे के पास एक राइफल पड़ी मिली। उसने वह राइफल उठाकर घर ले गया, जिसकी सूचना उसने पुलिस को नहीं दी।

इस संबंध में थाना जसवंतनगर में मुकदमा संख्या 62/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कमल भाटी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।