जसवंतनगर/इटावा: रमज़ान माह की पहली नमाज पढ़ी गई
जसवंतनगर/इटावा। रमज़ान माह की शुरुआत 19 फरवरी से होने के साथ ही क्षेत्र भर की मस्जिदों और घरों में इबादत का सिलसिला तेज हो गया है।
शुक्रवार को दूसरा रोज़ा रखकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पहले जुमे की नमाज़ अदा की। इस अवसर पर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों में नमाज़ियों की भारी भीड़ उमड़ी और माहौल धार्मिक उत्साह से सराबोर रहा। नगर के मोहल्ला सराय खाम स्थित जामा मस्जिद तथा गोला वाली मस्जिद में नमाज़ अदा करने के लिए रोज़ेदार सुबह से ही पहुंचने लगे थे। वहीं मोहल्ला लुधपुरा की मस्जिद में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मस्जिद कमेटी द्वारा पहले से टेंट व त्रिपाल लगाकर नमाज़ की व्यवस्था की गई थी। बड़े-बुजुर्गों, युवाओं के साथ बच्चों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
मोहल्ला लुधपुरा मस्जिद के इमाम हाजी हाफिज मोहम्मद सईद आलम अशरफी करहलवी ने दोपहर एक बजे विशेष जुमे की नमाज़ अदा कराई। नमाज़ से पूर्व तकरीर के दौरान उन्होंने रोज़े के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोज़ा सब्र, संयम और इंसानियत का संदेश देता है।
नमाज़ के दौरान नमाज़ियों ने देश की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन के लिए विशेष दुआएं मांगीं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरे दिन सतर्क रहा।
