जसवंतनगर/इटावा: व्यापारियो की समस्या का नगर विकास मंत्री से मिलकर करेंगे समाधान: बनबारी लाल कंछल

चीफ एडिटर: एम.एस वर्मा, 6397329270

मनोज कुमार, 7409103606


व्यापारियो की समस्या का नगर विकास मंत्री से मिलकर करेंगे समाधान: बनबारी लाल कंछल

जसवंतनगर। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल का शनिवार को रेल मंडी स्थित एक मैरिज होम में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कस्बे के व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। व्यापारियों ने मुख्य रूप से कस्बे में लगने वाले भीषण जाम को सबसे बड़ी समस्या बताया। उन्होंने बताया कि जाम की वजह से न केवल ग्राहकों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं, बल्कि व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

व्यापारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर नगर में हो रही अत्यधिक बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बार-बार बिजली गुल होने से व्यापार ठप हो जाता है। साथ ही विजिलेंस टीम के बार-बार छापे पड़ने से व्यापारियों में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है। त्योहारों के समय सैंपल भरने के नाम पर की जाने वाली धनउगाही की शिकायत भी व्यापारियों ने दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि इन कारणों से व्यापार में व्यवधान उत्पन्न हो रहे हैं और कारोबारी परेशान हैं।

कंछल ने आश्वासन दिया कि वे इन सभी समस्याओं को लेकर नगर विकास मंत्री एके शर्मा से बात करेंगे और समाधान के लिए गंभीर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी एकजुट होकर भ्रष्टाचार समाप्त करने की दिशा में कार्य करें।

बैठक में नगर अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने सभी व्यापारियों का आभार प्रकट किया और भरोसा दिलाया कि समस्याओं के निदान के लिए मंडल हर संभव प्रयास करेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष संतोश चौहान, परमेश पुरवार, विनोद जैन, अशोक गुप्ता, श्याम गुप्ता, आलोक गंगलेश, अभिषेक यादव, सुमित शर्मा, रघुवीर यादव सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।