गाय बचाने गए लोगों से मारपीट,ग्रामीणों, प्रधान पर आरोप; पुलिस ने एक को पकड़ा

गाय बचाने गए लोगों से मारपीट,ग्रामीणों, प्रधान पर आरोप; पुलिस ने एक को पकड़ा

रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद के रामपुर धवलपुर गांव में एक खुले नाले में गिरी गाय को बचाने गए लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप ग्रामीणों और ग्राम प्रधान पर लगा है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जिसके विरोध में ग्राम प्रधान ने सड़क जाम कर दी।
यह घटना 21 मई 2026 की शाम लगभग 7 बजे की है। आवास विकास, कादरी गेट निवासी अनमोल पुत्र राजीव पांडे अपनी टीम के साथ जेसीबी लेकर गाय को निकालने के लिए रामपुर धवलपुर गांव पहुंचे थे। वे ग्रामीणों की सूचना पर वहां गए थे।
आरोप है कि गाय को निकालने के दौरान गांव के कुछ लोग वहां आ गए और गाय को लेकर अपशब्द कहने लगे, जिससे अनमोल की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। जब अनमोल ने उन्हें अपशब्द कहने से रोका, तो ग्राम प्रधान और कुछ अन्य ग्रामीणों ने अनमोल और उनकी टीम के सदस्य रितेश पाल पुत्र मातादीन पाल निवासी जमरापुर, राजेपुर के साथ मारपीट की। इस मारपीट में अनमोल और रितेश पाल को अंदरूनी चोटें आई हैं।
हिंदू महासभा के नगर अध्यक्ष अनमोल अपने कार्यकर्ताओं और टीम के साथ मऊदरवाजा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया और उसे थाने ले आई।
इसके विरोध में रामपुर धवलपुर के प्रधान नरोत्तम राजपूत ने चिलसरा रोड पर जाम लगा दिया। प्रधान की मांग थी कि पुलिस जिस लड़के को ले गई है, उसे छोड़ दिया जाए, तभी वे जाम खोलेंगे। लगभग दो घंटे तक महिलाएं और पुरुष मुख्य सड़क पर बैठे रहे।
प्रधान नरोत्तम राजपूत ने कहा, "हमारे साथ विश्वासघात हुआ है। कोई बात नहीं, कोई क्राइम नहीं और हमारे यहां के व्यक्ति को पुलिस उठाकर ले गई।" उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा, "कल आपका मन होगा तो मुझे भी उठाकर ले जाओगे। हमारा समाज हमारे साथ यहां पर खड़ा हुआ है। जब हम इनकी रक्षा नहीं कर सकेंगे तो हमारा प्रधानी रहना बेकार है।" प्रधान ने आगे कहा कि आज भले ही घंटे-दो घंटे के बाद धरने से हट जाएंगे, पर कल कलेक्ट्रेट में धरना देंगे और जरूरत पड़ी तो थाने का भी घेराव करेंगे।
थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि नाले में गिरी गाय को निकाला जा रहा था। जिस लड़के ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, वह शराब के नशे में था। उसका मेडिकल करवा दिया गया है । नशे की हालत की वजह से उसे छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और कार्रवाई की जाएगी। एनसीआर दर्ज हो गई है 
थाना प्रभारी ने रोड पर जाम की स्थिति से इनकार करते हुए कहा कि कुछ देर के लिए लोग बैठे थे, अब सब सामान्य है और वे अपने घर चले गए हैं।